Sunday, 18 February 2024

खुलकर जीने का अधिकार है मेरा मानवाधिकार: ग्रामीण किशोरी

 ‘अगर हमें जीवन में आगे बढ़ना है तो जीवन में ऐसा कोई होना चाहिए जो हमें सही गलत समझा पाए, सही जानकारी दे पाए और हमारा मार्गदर्शन कर पाए।’

खुशीपुरा गांव से कुछ ही दूर स्थित दादो के प्रकाश इंटर कॉलेज में मानवाधिकार जागरुकता अभियान को लेकर साहस टीम पहुंची। दादो में इतना बड़ा, अच्छे रख रखाव और छात्र-छात्राओं के कोलाहल से भरापूरा स्कूल देखकर बहुत अच्छा लगा। अक्सर ग्रामीण अंचलों और उससे सटी जगहों पर लड़कियों के मुकाबले लड़कों की संख्या ज्यादा दिखाई देती है लेकिन यहां परिस्थिति बिलकुल अलग रही।

स्कूल में अंदर कदम बढ़ाते हुए प्रिसिंपल ऑफिस पर नजर पड़ी तो वहां का दरवाजा बंद था, लेकिन सामने का नजारा देखकर मन और खुश हुआ। प्रिसिंपल सर बाकी शिक्षकों के साथ मिलकर धूप में मेज और कुर्सी लगाए बोर्ड के कामकाज में जुटे हुए थे। प्रिसिंपल सर ने तुरंत कक्षा 8वीं और 9वीं की छात्राओं को बुलाने के लिए कह दिया। इतने में एक युवा शिक्षक ने हमारे काम के बारे में पूछा, हमारा जवाब सुनकर वो बहुत खुश हुए (ऐसा बहुत कम होता है)। शिक्षक का कहना था कि कई अहम बातों की जानकारी किशोरियों को होनी चाहिए लेकिन खुद के जेंडर की वजह से उन्हें काफी झिझक महसूस होती है ऐसे में वो जरुरी जानकारी नहीं दे पाते। हमारे काम को सराहते उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में जिस प्रकार से लोगों में बंटवारा हो रहा है ऐसे में संविधान को समझना और अपने जीवन में उतराना बहुत ही जरुरी हो गया है।



नए स्कूल में खुले दिल से स्वागत ने साहस टीम को वर्कशॉप के लिए काफी प्रोत्साहित किया। मानवाधिकार पर आधारित कार्यशाला में प्रकाश इंटर कॉलेज की तकरीबन 100 छात्राओं ने बढ चढ़ कर हिस्सा लिया। सत्र की शुरुआत संक्षेप में परिचय देते हुए, सहमतियों पर चर्चा और सिक्के के खेल से की गई। ये पूछने पर कि मानव में कौन कौन सी खूबियां होती है, उनके जवाब कुछ इस प्रकार रहे – ‘जिसका अच्छा व्यवहार हो, जो दूसरों का आदर और सम्मान करता हो, ईमानदार, होशियार, सच बोलने वाला, खुश मिजाज, मददगार, सच बोलने वाला और संवेदनशील।’




इन खूबियों को पाने, बढ़ाने और सुरक्षित रखने के लिए मनुष्यों को निम्नलिखित चीजें चाहिए – ‘माता पिता का साथ, कपड़े, आर्थिक स्थिति मजबूत होनी चाहिए, शिक्षा का अधिकार, खुद पर विश्वास, अच्छा स्वास्थ्य, सूचना का अधिकार, खाना।’

‘समय भी होना चाहिए। स्कूल में तो पढ़ाई का समय मिल जाता है लेकिन घर में मां का काम में हाथ बंटाना होता है तो पढ़ने का उतना समय नहीं मिल पाता। थकान भी होती है – अगर थोड़ा और समय मिले तो हम भी होशियार हो जाएंगे और बेहतर नम्बर आएंगे।’





इन्हीं बिंदूओं को ध्यान में रखते हुए छात्राओं को समूह में बांटा गया और सभी को एक एक सवाल पर चर्चा करने के लिए आमंत्रित किया गया।

‘खुशी से जीने के लिए मानव के पास कुछ चीजें होनी चाहिए जैसे भोजन, कपड़े, संस्कार, आर्थिक स्थिति, अपने जीवन को अपने तरीके से जीने का अधिकार। मुश्किल से जीने का मतलब है कि हम अशिक्षित रह जाएं, हमें जानकारी न हो।’

‘अगर हमारे माता पिता हमें अच्छे से पढ़ा सके, खिला सके और पैसों की कमी न हो तो जीवन खुशी से भरा होता है। वहीं पढ़ाई के लिए पैसे नहीं हो, घर में परेशानी आ जाए तो इसी को मुश्किल से जीना माना जाएगा।’





‘सभी मानव बराबर नहीं है क्योंकि सभी की सोच अलग अलग होती है, रहन सहन अलग होता है, कोई खुद पर घमंड करता है तो कोई सभी के साथ मिलकर रहता है। सभी मनुष्यों को एक दूसरे की इज्जत करनी चाहिए। जो हमारे साथ जैसा व्यवहार करें हमें भी उसके साथ वैसा ही व्यवहार करना चाहिए।’

‘हमें नहीं लगता कि सभी मानव बराबर होते हैं, कई लोग बुरे भी होते हैं। कुछ लोग हमारा बुरा चाहते हैं, हो सकता है वो हमारे आसपास रहते हो या फिर हमारे करीबी हों। हमें अपने माता-पिता और बड़ों के साथ साथ अपने छोटों का भी आदर करना चाहिए।’  

‘अच्छा मानव – संवेदशनशील, सच बोलने वाला, ईमानदार होना चाहिए – इनकी इज्जत करनी चाहिए। बुरा इंसान वो होता है तो किसी का दुख नहीं समझता, किसी की इज्जत नहीं करता, झूठ बोलता है, जाति को लेकर भेदभाव करता है, जिसे अच्छे बुरे इंसान की पहचान न हो। ऐसा इंसान होने का क्या मतलब है। अगर गलत इंसान के साथ हम वैसा ही व्यवहार करें तो हममें और उसमें क्या फर्क रह जाएगा’






‘जब हम खुशी से जीते हैं तब हमें किसी भी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ता। लोगों की नजरों में हमारा सम्मान होता है। खुशी से जीने में जिंदगी अनमोल बन जाती हैं। वहीं मुश्किल से जीवन जीने में ज्यादा संघर्ष करना पड़ता है। बहुत सारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में हम अपनी इच्छाएं पूरी नही कर पाएंगे।’

इस अहम बात को आधार बनाकर ये तय किया गया कि मानव को गरिमा से जीने के लिए कुछ अहम बातों और खूबियों की जरुरत होती है – जो परिस्थितियां या चीजें मनुष्य को इज्जत और खुशी से भरी जिंदगी जीने के लिए चाहिए वो सभी चीजें हमारे अधिकार से जुड़ी हुई हैं।





अधिकार पर बातचीत करते हुए किशोरियों ने कहा कि अगर उनके साथ कुछ गलत हो तो वो उसके खिलाफ आवाज उठा पाए इसका अधिकार उनके पास होना चाहिए, जैसे वो चाहे वैसे कपड़े पहन पाएं, अपनी मर्जी से घूमना, पढ़ाई करना, पसंद का जॉब करना और खाने पीने की आजादी से जुड़े अधिकार होने चाहिए। किशोरियों के जवाब बिलकुछ बता रहे थे कि वो अपने जीवन में हो रहे जेंडर आधारित भेदभाव का अनुभव कर रही हैं और साथ ही उसे समझ भी रही है।

सत्र के अगले हिस्से में किशोरियों ने मिलकर मानवाधिकार की परिभाषा तय करते हुए कहा कि समानता का अधिकार, जीवन जीने का अधिकार, स्वतंत्रता और शिक्षा का अधिकार मानवाधिकार में शामिल है जो हर इंसान को मिलने चाहिए। छत पर खुले में होने के बावजूद भी हमने अलग अलग समूहों में किशोरियों को मानवाधिकार समझाने के लिए एक वीडियो दिखाया।



दो घंटे के अंतराल में एक नए स्कूल में 100 किशोरियों के साथ मानवाधिकार पर चर्चा करते हुए बहुत अच्छा महसूस हो रहा था, उम्मीद है हम इस चर्चा के साथ साथ और भी अहम मुद्दों पर चर्चा जारी रखेंगे।

स्कूली छात्र-छात्राओं ने तैयार किया मानवाधिकार का खाका

 ‘यदि मानव अपने जीवन को खुशी खुशी गुजारता है तो उसे किसी भी प्रकार का मानसिक तनाव नहीं होता है। लेकिन किसी मानव के जीवन में दुख न आए तो उसे कठिनाइयों से लड़ने का साहस नहीं होगा। कठिनाइयों को पार करके ही मनुष्य को संघर्ष का अनुभव मिलता है।’

मानवाधिकार को लेकर चलाए जा रहे साहस फाउंडेशन के जागरुकता अभियान का अगला पड़ाव ककराली गांव स्थित सीपीएस पब्लिक स्कूल रहा। इस कार्यशाला में 38 छात्र-छात्राओं ने खुलकर हिस्सा लिया। इस स्कूल में हमारी ये दूसरी वर्कशॉप हैं, इसलिए जैसे ही हम स्कूल पहुंचे वैसे ही छात्र-छात्राओं ने हमें घेर लिया और तमाम तरह के सवाल पूछ लिए। ये दिन खास इसलिए भी रहा क्योंकि स्कूल में बोर्ड के छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रम की तैयारी हो रही थी, वहीं वसंत पंचमी के उपल्क्ष्य में रंगोली और सरस्वती वंदन भी रखा गया।



कार्यशाला की शुरुआत परिचय और सहमतियों के साथ की गई। उल्टा पुलटा खेल को विद्यार्थियों ने बखूबी खेला और उनकी हंसी ने वर्कशॉप के आने वाली चर्चा के लिए मंच सजा दिया। सत्र के पहले हिस्से में किशोर-किशोरियों से जब पूछा गया कि मानव की खूबियां क्या होती है तो कुछ देर के लिए चुप्पी साध ली, लेकिन तुरंत ही वो जवाब मिलने लगे जो अक्सर अध्यापक समझाते हैं कि अच्छे गुण होने चाहिए, आदर करना चाहिए और अच्छे संस्कार होने चाहिए। लेकिन ये अच्छे गुण और अच्छे संस्कार क्या है – पूछने पर थोड़ी उथल पुथल मची जिसने हमारे एक आसान से सवाल के अनेकों जवाब दे डाले।




‘सही-गलत में पहचान कर पाए, जिसे खुद का मनोरंजन करना आता हो, जो जिंदगी को जीना जानता हो, समझदार, महत्वकांक्षी, नियम का पालन करने वाला, ज्ञानी, मेहनती, लक्ष्य की ओर लगातार प्रयास करने वाला।’  




इन खूबियों के लिए मानव की जरुरतों पर प्रतिभागियों ने जवाब दिया, ‘माता पिता का साथ मिले, टीचर हो, समय मिलना चाहिए, समय पर खाना, जीवन जीने का अधिकार, शिक्षा का अधिकार – लड़कियों को शिक्षा का अधिकार नहीं मिलता, स्कूल में अगर लड़की पढ़ती है तो फिर भी मिल जाता है लेकिन जब हम घर जाते हैं तो पढ़ाई करने का उतना मौका नहीं मिलता क्योंकि घर के काम-काज में हाथ बंटाना पड़ता है और आज भी हमारे समाज में ऐसे लोग हैं जिन्हें लड़कियों का पढ़ना अच्छा नहीं लगता।’





इसके बाद प्रतिभागियों को समूहों में बांटा गया और एक एक परिस्थिति देकर उसपर चर्चा करने के लिए कहा।

‘एक मानव होने का मतलब है कि उसे अपने जीवन में संघर्ष के साथ जीना आना चाहिए क्योंकि जब भी कोई व्यक्ति अपने जीवन में आगे की ओर बढ़ता है तो ये समाज उसे आगे नहीं बढ़ने देता। इसके साथ ही उसके पास अधिकार भी होने चाहिए।’

‘मानव को अपने परिवार के बीच खुशी मिलती है, माता पिता नहीं होने पर बहुत दुख होता है। दुख तब भी है जब उसके पास कोई सहारा नहीं हो, उसके दिल में गुरु का ज्ञान न हो। हमें बचपन में खुशी का अनुभव होता है लेकिन बड़े होकर हमें दुखों का सामना करना पड़ता है।’

‘एक मानव में अच्छाई और बुराई दोनों होती है। हमें किसी के साथ गाली गलौच नहीं करनी चाहिए। बड़ों के साथ साथ छोटों के साथ भी आदर और सम्मान की भावना रखनी चाहिए। कभी भी किसी गरीब का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए।’





‘हमें सभी की इज्जत करनी चाहिए, जाति-धर्म, अमीर हो या गरीब किसी में फर्क या भेदभाव नहीं करना चाहिए। हम सभी को समानता का अधिकार मिला है इसलिए सभी का सम्मान करना चाहिए।’

‘एक मानव होने का यह मतलब है कि एक दूसरे की समस्या को समझे और उसकी मदद करें। खुशी से जीने का मतलब ये है कि उसके पास रहने के लिए आवास, खाने के लिए खाना, पहनने के लिए कपड़े और धन होना चाहिए। मुश्किल से जीवन गुजारने का मतलब ये है कि इंसान को जीवन जीने के लिए कठिन परिश्रम करना पड़ता है, उसे शिक्षा नहीं मिल पाती, नाहि वो अच्छे कपड़े पहन पाता है और उसके पास धन का अभाव होता है।’

‘सभी मानव बराबर नहीं है, क्योंकि सभी की खूबियां अलग अलग होती है। लड़का और लड़की में समाज में भेदभाव किया जाता है। हमें उनकी इज्जत करनी चाहिए जो हमारी इज्जत करते हैं।’





प्रतिभागियों ने कई अहम बिंदूओं को छुआ – जहां ये बात साफ हो गई कि समाज में लड़का लड़की के बीच गैरबराबरी को ये देख पा रहे हैं, कहीं न कहीं आर्थिक परिस्थिति और जाति के आधार पर हो रहे भेदभाव को भी देखते और समझ रहे हैं। इन्हीं को लेकर हमने चर्चा को अधिकारों की तरफ मोड़ा।

अधिकार शब्द सुनकर प्रतिभागियों के मन में जो बातें आती है वो है – ‘लड़का और लड़की में फर्क नहीं होना चाहिए, समानता का अधिकार, जाति को लेकर दूसरों का अपमान नहीं करना चाहिए, शिक्षा का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, लड़कियों को घूमने का अधिकार, खेलने का अधिकार, खुलकर अपनी बात रखने का अधिकार और अपने जीवन को जीने का अधिकार।’



इसके बाद छात्र-छात्राओं ने मिलकर मानवाधिकार की परिभाषा तया की। सत्र की समाप्ति एक 3 मिनट के वीडियो को दिखाकर की गई जहां मानवाधिकार और हमारे संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों पर रोशनी डाली गई।

Saturday, 17 February 2024

मानवाधिकार को परिभाषित करते ग्रामीण किशोर-किशोरियां

 ‘मुझे नहीं लगता हमारे समाज में सभी मानव बराबर हैं क्योंकि लड़का और लड़की में बहुत फर्क किया जाता है। लोग जाति के आधार पर भी भेदभाव करते हैं, कुछ लोगों को महज पैसे होने की वजह से कई मौके मिलते हैं जिनसे गरीब वंचित रह जाते हैं।’

फरवरी का महीना हमारे लिए काफी अहम है, क्योंकि भेदभाव और गैरबराबरी के खिलाफ़ जिस आंदोलन की शुरुआत हमने की है वो फर्क लोग या तो देखना नहीं चाहते और कई परिस्थितियों में देखकर भी नजरदांज कर देते हैं। ये जो मानसिकता है कि जब तक मेरे साथ कुछ गलत नहीं हो रहा तब तक मैं कुछ क्यों करुं – ऐसा वही सोचते हैं जिनके पास सत्ता है, विशेषाधिकार है और वो ऐसे तबके से हैं जहां लोगों के अधिकारों को छीनकर पहुंचा जाता है। इस मानसिकता को चुनौती देने के लिए सबसे सटीक रास्ता है युवाओं, किशोर-किशोरियों को जागरुक करना। इसी उद्देश्य को लेकर साहस फाउंडेशन ने अलीगढ़ के दादो स्थित स्कूल में मानवाधिकार को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया जहां 70 किशोर-किशोरियों ने बढ़ चढकर हिस्सा लिया।



वर्कशॉप की शुरुआत एक संक्षिप्त परिचय, कुछ सहमतियों और उल्टा-पुलटा खेल के साथ हुई। प्रतिभागियों ने खेल को खूब मजे से खेला और उनका सारा ध्यान क्लास के अंदर आ गया। पहली एक्टिविटी में प्रतिभागियों से मानव की खुबियां पूछी गई, काफी झिझक, थोड़ी-थोड़ी हंसी के बाद जवाब ऐसे रहे – जो बड़ों का सम्मान करता हो, मेहनती, दिमाग का इस्तेमाल करने वाला, सही गलत में फर्क कर पाए, दूसरों से प्रेरणा लेने वाला, अपने से छोटों का मार्गदर्शन कर पाए, गलतियों को समझने और सुधारने वाला, मेहनती – कर्म करने वाला, जो दूसरों से भेदभाव न करें, देशभक्ति और अच्छे संस्कार करने वाला।  



भारत में मौजूद समय में देशभक्ति और धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है ऐसे में हमने छात्रों से देशभक्ति और संस्कार के असल मायनों पर परिचर्चा की – मसलन की उनके हिसाब से देशभक्ति क्या है, अच्छे संस्कारों का क्या मतलब है, जब आपको कोई संस्कारों की दुहाई देता है तो क्या आप सही गलत में फर्क कर पा रहे हैं? क्या आप सवाल पूछ पा रहे हैं या फिर अंधभक्ति के रास्ते पर चल रहे हैं।

इसी चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए छात्र-छात्राओं से पूछा कि इन खूबियों के लिए एक मानव को क्या क्या चाहिए? – बड़े लोगों का साथ, शिक्षा, सम्मान, आर्थिक सहयोग, अन्न/खाने का अधिकार, अनुभव, खुल का जीने का अधिकार इत्यादि।



मनुष्यों के अधिकारों को समझने के सफर आगे बढ़ाते हुए हमने प्रतिभागियों को 6 लोगों के समूहों में बांटा। जैसे कि अक्सर कक्षाओं में देखने को मिलता है – पहली लाइन में केवल लड़कियां बैठी हुई थी, दूसरी और तीसरी लाइन में केवल लड़के थे। कक्षा में जेंडर का विभाजन साफ तौर पर दिख रहा था, एक तरह की असहजता भी महसूस हो रही थी – ऐसे में हमने सोचा कि क्यों न परिस्थिति को थोड़ा बदला जाए। इसी को लेकर हमने लड़के और लड़कियों को मिलकर समूह बनाया और उन्हें दिए गए सवाल पर चर्चा करने के लिए प्रोत्साहित किया।





जाहिर सी बात है कि ऐसे माहौल से वो अनजान हैं जहां छात्र-छात्राओं को एक गोले में बिठाकर चर्चा के लिए कहा जाए, या फिर लड़के और लड़कियां बैठकर एक दूसरे के साथ मिलकर सीख सकते हैं। छोटे समूह में चर्चा शुरु होने से पहले काफी हो-हल्ला हुआ, झिझक दिखी, शर्माने वाली हंसी और डेस्क में सिर छिपाने जैसी बातें हुई। जब दो-तीन किशोरों ने लड़कियों के साथ चर्चा करने से मना करा तो हमने कारण पूछा, डरते हुए उनमें से एक ने कहा कि अगर हम लड़कियों के साथ बात करेंगे तो बाकी लड़के मजाक उठाएंगे और बाद में परेशान करेंगे। कुछ समय तक मचे इस कोलाहल के बाद सभी समूह एक दूसरे से चर्चा करते हुए नजर आए।



दो सवालों पर हुई चर्चा के कुछ अहम बिंदू इस प्रकार हैं –

‘एक मानव होने का मतलब है कि एक दूसरे के साथ भेदभाव नहीं करें, लड़का और लड़की के साथ एक समान व्यवहार होना चाहिए। मुश्किल से भरे जीवन वो होता है जब पढ़ने नहीं दिया जाता है, अच्छी बातों से ध्यान हटता है।’

‘जातिगत भेदभाव नहीं करना चाहिए। हमारे पास मौका है कि हम पढ़ लिखकर अपने देश की सेवा करें।’

‘खुशी से जीवन जीने के लिए आर्थिक स्थिति मजबूत होनी चाहिए, नौकरी होनी चाहिए और परिवार।’

‘मानव होने का अर्थ है कि हमें सभी मनुष्यों की इज्जत करनी चाहिए चाहे वो अमीर हो या गरीब हो लेकिन हमें किसी मानव में भेदभाव नहीं करना चाहिए। मुझे लगता है कि सभी मनुष्य बराबर है कहीं न कहीं सबमें कुछ न कुछ फर्क होता है।’

‘सभी मानव बराबर नहीं होते हैं। क्योंकि कुछ लोग अमीर होते हैं और कुछ गरीब। अमीर लोग गरीबों पर अत्याचार करते हैं, गरीबों पर दबाव डालते हैं। सभी मनुष्यों की इज्जत करनी चाहिए जो लोग गलत रास्ते पर चलते हैं उन्हें भी सही रास्ता दिखाना चाहिए। मानवों में एकता होना बेहद जरुरी है।’





मानव की खूबियों, जरुरतों और प्रतिभागियों की चर्चा से निकले बिंदुओं को मिलाते हुए ये समझ बनाई गई की एक मानव को गरिमा, आत्मविश्वास और खुशहाली से भरी जिंदगी जीने के लिए कुछ अहम चीजों की जरुरतें होती है और ये हमारे अधिकारों से जुड़ी हुई हैं।  

सत्र में आगे बढ़ते हुए अधिकार शब्द पर माइड मैपिंग की गई जिसमें अधिकार शब्द के मायने निकल कर आए – ‘दूसरों के अधिकार नहीं छीनना, खुलकर बोलने का अधिकार, अपने मुताबिक जिंदगी जीने का अधिकार, देखने और सुनने का अधिकार, शिक्षा का अधिकार और अपने जीवन के फैसले लेने का अधिकार।’




इस वर्कशॉप में 8वीं और 9वीं के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रही थी, 7वीं की क्लास का फ्री पीरियड था, ऐसे में कुछ किशोरी हमारी क्लास में आकर बैठ गई थी, उन्हीं में से एक ने कहा कि अधिकार का मतलब है कि वो अपने जीवन से जुड़े फैसलें खुद ले पाएं, ऐसा अधिकार लड़कियों के पास होना चाहिए।

हम सभी ने आगे बढ़कर मानवाधिकार की परिभाषा तय की जहां प्रतिभागियों ने कहा कि उनके लिए मानवाधिकार का मतलब है कि उनके पास शिक्षा का, जीने का और समानता का अधिकार होना ही चाहिए।

मानवाधिकार के सत्र खुशीपुरा गांव की किशोरियों और बाकी स्कूलों की छात्राओं के साथ करने के बाद ये स्कूल पहला ऐसा रहा जहां छात्राओं के मुकाबले लड़के ज्यादा थे, एक असहजता थी लड़कियों और लड़कों के बीच में, इसके साथ साथ अध्यापकों के व्यवहार में भी शक और असहजता साफ दिख रही थी। ग्रामीण अंचल की बात करें तो किशोरियों के लिए उनके पिता और भाई पहले पुरुष होते हैं जिनके साथ वो घर में रहती है, दोनों से अनुमति का रिश्ता है। जहां पिता और भाई से कुछ बात नहीं होती पर वो उसके जीवन के सभी फैसले यहां तक कि वो घर से बाहर जाएगी या नहीं वो भी तय करते हैं। ऐसे में जब किशोरी स्कूल जाती है जहां हर टीचर पुरुष होते हैं तो वो और डर जाती है, यहां भी अनुमति का रिश्ता बन जाता है और संवाद नहीं होता। ऐसे में जेंडर की ये खाई बढ़ती ही नजर आती है।

बड़े बड़े पोडियम और कार्यशालाओं में जब जेंडर की बात होती है, जेंडर से जुड़े कार्यों की बात होती है तो कहा जाता है कि अध्यापक ज्यादातर महिलाएं होती है, क्योंकि स्कूल 2 बजे खत्म हो जाता है और महिलाएं इसके बाद घर का काम करेंगी। लेकिन उत्तर प्रदेश और झारखंड दोनों ही जगह काम करके कुछ और ही नजर आया है। यहां ज्यादातर अध्यापक पुरुष होते हैं और एक्का दुक्का टीचर ही महिला होती है – क्यों? वो इसलिए क्योंकि जहां लड़कियों को घर से निकलने नहीं दिया जाता है, पढ़ने नहीं दिया जाता, ज्यादा से ज्यादा 8वीं की पढ़ाई के बाद रोक दिया जाता है वहां अध्यापिका की पोस्ट तक वो कैसे पहुंच पाएंगी? ऐसे में जेंडर और सामाजिक वर्ग की साझेधारी दिखाई दी।


पहली बार इस स्कूल में आयोजित कार्यशाला में छात्र-छात्राओं का उत्साह तो दिखा ही साथ ही आने वाली कार्यशालाओं के लिए मंच भी तैयार हो गया।

Friday, 16 February 2024

मौलिक अधिकारों की परिभाषा गढ़ती साहसी गर्ल्स

अधिकारों और गैरबराबरी की जंग में कई बातें, मुद्दे और किस्से सामने आते हैं जो जहन पर काफी प्रभाव तो डालते ही है साथ ही सोचने पर और लगातार सवाल उठाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। भारत में और विश्व में मौजूदा परिस्थितयों ने जहां मानवाधिकार की परिभाषा और पैदाइश पर सवाल खड़े कर दिए हैं वहीं हमें अपने संविधान और मूल्यों को एक बार फिर आत्मसाध करने के लिए आह्वान किया है। सामाजिक अध्ययन की किताबों में संविधान और मौलिक अधिकार महज एक चैप्टर बनकर न रह जाए, बल्कि भारतवासी संवैधानिक मूल्यों की अहमियत और समानता लाने के आंदोलन में इसकी जरुरत को समझ पाएं और अपने जीवन में उतार पाएं। इसी सोच को लेकर साहस फाउंडेशन ने खुशीपुरा गांव में साहसी गर्ल्स के साथ ‘मेरे मौलिक अधिकार’ पर कार्यशाला का आयोजन किया।


वर्कशॉप की शुरुआत हमने ‘भेड़ और भेड़िया’ के खेल के साथ की जहां लड़कियों के साथ साथ हमारी टीम मेम्बर सरला जी ने भी खुलकर भाग लिया। आगे बढ़ते हुए किशोरियों को 6 समूहों में बांटा गया और एक-एक परिस्थिति दी गई – जहां उन्हें आपस में परिस्थिति को समझना था, सोचना था कि क्या यहां किसी के अधिकार छीने जा रहे हैं अगर हां तो कौन से।



पहले सवाल के जवाब में प्रतिभागियों ने कहा –

‘किसी भी वजह से अगर लड़की को पढ़ाई छोड़नी पड़ रही है और घर के काम काज करने के लिए विवश होना पड़ रहा है तो वहां उसकी पढ़ाई का अधिकार और समानता का अधिकार छीना जा रहा है।’

‘अगर लड़की के साथ साथ घर के काम काज में लड़का भी सहयोग देता तो शायद लड़की को पढ़ाई छोड़ने की जरुरत ही नहीं पड़ती। अक्सर घरों में लड़कियां ही काम करती है जो सही नहीं है।’

‘गांववालों को उसकी मदद करनी चाहिए, अगर होशियार होते हुए भी उसे पढ़ाई छोड़कर कामकाज करना पड़ रहा है तो ये सही नहीं है। आर्थिक स्थिति सही नहीं होने की वजह से उसे काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गांववाले उसके साथ जाति को लेकर भेदभाव करते हैं यानि उसे समानता का अधिकार नहीं मिल रहा है।’ 



पिछले 3 सालों से लगातार हम खुशीपुरा गांव की किशोरियों के साथ काम कर रहे हैं – नतीजन धीरे धीरे वो अपने जीवन में और आसपास जेंडर गैरबराबरी को देख पा रही हैं, उसे समझ पा रही हैं – ये सफर काफी मुश्किलों भरा रहा है क्योंकि जेंडर हमारे जीवन में ऐसे रसबस गया है कि गैरबराबरी जीवन का हिस्सा लगने लगती है और सही गलत समझने का मौका दिए बिना ही परिस्थिति स्वीकृत हो जाती है। वहीं जाति और धर्म आधारित गैरबराबरी को समझना थोड़ा और जटिल है – ये गांव यादव बहुल गांव है और कुछ को छोड़कर किशोरियां कभी गांव से बाहर ही नहीं गई है। लेकिन मौलिक अधिकारों पर बातचीत ने उस गैरबराबरी को समझने की नींव डाल दी है।

प्रतिभागियों के जवाबों, स्कूली छात्रों द्वारा बनाया गया मौलिक अधिकारों पर वीडियो और चार्ट पेपर के जरिए हमने संविधान और उसमें दिए गए मुख्य 6 अधिकारों पर चर्चा की। इस चर्चा का मकसद महज अधिकारों के नाम और उनकी परिभाषा याद करना नहीं बल्कि निजी जीवन में ये अधिकार कैसे दिखते हैं पर समझ बनाना रहा। आखिर में ग्रामीण परिपेक्ष्य और मौलिक अधिकारों को लेकर एक 5 मिनट का वीडियो दिखाया गया। इस वीडियो को देखकर अधिकारों पर समझ और मजबूत हुई।




वर्कशॉप में अब समय तक एक बेहद मजेदार खेल का, किशोरियों को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि अब आगे क्या होने वाला है। बच्चे अक्सर सांप सीड़ी का खेल खेलते हैं वहीं महिला हिंसा पर काम करने वालों ने भी इस खेल के जरिए हिंसा पर समझ बनाने की कोशिश की है। तो हमने सोचा क्यों न इस खेल का इस्तेमाल अधिकारों पर समझ बनाने के लिए किया जाए। सीड़ी के निचले छोर पर वो बातें थी जहां अधिकार मिल रहे हैं वहीं सांप के मुंह पर वो परिस्थितियां लिखी थी जहां अधिकार छीने जा रहे हैं या फिर उनका उल्लघंन हो रहा है। इस खेल में बाकी सभी को ये तय करना था कि कौन सा मौलिक अधिकार मिल रहा है या छीन रहा है। सांप सीढी के खेल में जीतने का जज्बा तो था ही साथ में कौन अधिकारों को पहचान पा रहा है उसका जोश भी दिखा है।




‘थोड़ी देर और खेलने दो दीदी, क्योंकि हमने अभी तक सभी सीढियों और सांप पर लिखी परिस्थितियां नहीं पढ़ी है।’

‘साहसी गर्ल्स में हमें सभा करने का, खेलने का और जानकारी हासिल करने का अधिकार मिलता है।’



कार्यशाला के बाद सभी किशोरियों ने पहली बार गांव में क्रिकेट खेला, बाद में सेनेटरी पैड बांटा गया और आखिर में लड्डू खाते हुए ऐलान किया कि अगली बार उन्हें समोसे और बड्डे मिलने चाहिए।