Wednesday, 15 November 2017

मुखारी गांव की महिलाओं के साथ यौनिकता पर बातचीत



फिल्म ‘डियर जिंदगी’ मुझे बेहद पसंद है, उसके कई डायलॉग मेरे फेवरेट है, जिनमें से एक था ‘क्यों हम आसान रास्ता नहीं चुनते’। मैं और मोना अपना काम करते समय अक्सर सोच में पड़ जाते है, कि हां भई हम आसान रास्ता क्यों नहीं चुनते, क्या हमें लगता है कि आसान रास्ते से काम नहीं बनेगा। बागपत में साहस का दूसरा कार्यक्रम पूरे जोरो-शोरो से चल रहा है, यकीन मानिए हमने कभी सोचा नहीं था कि हमें दिल्ली से बाहर काम करने का मौका मिलेगा वो भी इतनी जल्दी। 

द्वारका से बागपत जाने के लिए हम 4 मेट्रो बदलते है और फिर मेट्रो स्टेशन से बागपत के लिए गाड़ी आती है जिसमें तकरीबन डेढ़ घंटा लगता है, इसके बाद करीब एक घंटे की दूरी पर पिलाना ब्लॉक है जहां हम इस बार 60 महिलाओं के साथ ‘जेंडर, यौनिकता और नारीवादी’ कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। दोपहर का सत्र पिलाना ब्लॉक से तकरीबन 10 किलोमीटर दूरी पर स्थित मुखारी गांव में होता है क्योंकि यहां के समूह की महिलाओं के लिए पिलाना ब्लॉक तक आना आसान नहीं है, ऐसे में हमने सोचा कि अगर वो नहीं आ सकती तो क्या हुआ हम तो उन तक पहुंच सकते हैं, शायद इसी को इनक्लूशन कहते हैं। पर एक बात तो है कि यहां तक पहुंचते पहुंचते हमारी “आसान रास्ते” वाली थ्योरी धराशाई हो जाती है।


मैं जब न्यूज़ चैनल में काम करती थी तो दूसरे पत्रकारों की तरह मैं भी काफी रंग बिरंगी भाषा का इस्तेमाल करती थी, जैसे सड़क में गड्ढे के लिए- ‘पता नहीं चलता कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क’ लेकिन हकीकत की दुनिया और न्यूज़ चैनल की दुनिया में ज़मीन आसमान का फर्क होता है क्योंकि गांवों के बीच की सड़क तो ठीक-ठाक है, लेकिन दिल्ली से बागपत तक जाने वाले रास्ते में बहुत निर्माण का काम चल रहा है, हर जगह टूट फूट है, गड्ढे ही गड्ढे दिखाई देते हैं, जहां सड़क हैं वहां जाम की भरमार है। बागपत से गांव तक का रास्ता जाने के लिए गाड़ी उछल उछलकर जाती है, सच बोले तो शरीर की एक एक हड्डी जवाब देने लगती है।



पर एक बात है जो हमें यहां आने के लिए प्रोत्साहित करती है वो हैं समूह की महिलाएं, इनके चेहरे की चमक, सीखने की ललक और अपने आप को मज़बूत बनाने की इच्छा। इस बार का सत्र यौनिकता पर आधारित रहा। लेकिन जैसे ही हम मुखारी गांव पहुंचे तो देखा कि हॉल की जगह एक घर का चबूतरा था, जो तीन तरफ से बंद था लेकिन सामने से खुला हुआ था यानि कोई भी कभी भी आ सकता था, और यहां क्या हो रहा है बाहर से आराम से देखा जा सकता है। 


मैं काफी असमंजस में थी कि क्या मैं महिलाओं के साथ यौनिकता पर चर्चा कर पाऊंगी, खुलकर सारी बातें उनके सामने रख पाउंगी, और हां क्या महिलाएं खुले में यौनिकता और निजी अनुभवों को शेयर करने में सहज हो पाएंगी क्योंकि एक बंद कमरे में सुरक्षित जगह बनाना आसान होता है, महिलाएं गतिविधियों में खुलकर भाग ले पाती है और एक अहम बात ये भी थी कि जब भी मैंने किसी कार्यशाला में भाग लिया है और डेढ़ साल से मैं जब भी कार्यशाला आयोजित करती हूं तो वो बंद कमरे में ही होती है। 


फिर महिलाओं की तरफ देखा और मन में सोचा हटाओ यार! बंद कमरे में कभी भी आज़ादी की इबारत नहीं लिखी जाती है, और समय आ गया है जिंदगी के एक और ढांचे को तोड़ने का। और सुरक्षित जगह सिर्फ बंद कमरे से नहीं बनती, बल्कि विचारों, नियत और सोच से बनती है जो सभी मेरे पास हैं, इसलिए बिना हिचकिचाए मैंने सत्र की शुरुआत ‘ढाल और तलवार’ के खेल से की। मेरे पूर्वानुमानों की धज्जियां उड़ाते हुए महिलाओं ने खुलकर खेल खेला, वो हंस रही थी, भाग रही थी मानो उन्हें ये दो घंटे पूरी तरह जीने हो!



इसके बाद महिलाओं को 5-5 के समूह में बांटा गया और उन्हें “सांप सीड़ी” के खेल के लिए आमंत्रित किया गया। सुबह के सत्र की तरह इस सत्र में भी महिलाओं के साथ 2-3 किशोरियां थी जिन्होंने खेल को न सिर्फ खेला बल्कि उसके पीछे के मुद्दे को लेकर भी समझ बनाई। सांप और सीड़ी पर लिखे संदेशों को पढ़ने के साथ साथ उन्होंने इससे जुड़े अपने निजी अनुभवों को बांटा।



इसके बाद महिलाओं को 4 अलग अलग समूहों में बांटकर बॉडी मैपिंग करने के लिए आमंत्रित किया। ध्यान देने की बात ये है कि ये महिलाएं ज्यादा पढ़ी लिखी नहीं है बावजूद इसके सभी ने एक दसरे की मदद करते हुए गतिविधि में भाग लिया, चाहे वो महिला का चुनाव करना हो, रेखा खींचनी हो, अंगों के नाम लिखना हो, या इन अंगों को विभाजित करना हो- आनंद, ताकत, शर्म और दर्द।


“बड़े बुज़ुर्गों के सामने ये सब बातें हम कैसे कर सकते हैं?”

“अरे तुम लोग बात कर पाओ इसलिए तो मैं अपने निजी बातें बांट रही हूं, और यहां बात नहीं करोगे तो फिर कहां करोगे”

“मैंने तो अपने पति को संबंध बनाने के लिए मना करा कितनी बार, लेकिन वो सुनता ही नहीं। किसान है, दिन भर कमर तोड़कर काम करने के बाद उन्हें यही सूझता है और मना कर दो तो बस शायमत आ गई। लेकिन ऐसा शहर में तो होता नहीं होगा”

“इसकी तो जबरदस्ती शादी हुई है, ये तो शादी करना ही नहीं चाहती थी, तो हां फिर संबंध बनाने का मन कहां करेगा”


“मुझे लगता है कि आप तो कह रही है वो सही है बिना सहमति के संबंध बनाने में कोई आनंद नहीं आता बल्कि गुस्सा आती है, लगता है कि उसको पीट दूं मेरा शरीर है, जब उसका मन करता है वो इस्तेमाल करता है, ये कहां की बात हुई”

“हमें बेटियों के साथ साथ बेटों को भी ये बात समझानी होगी, पर ये बात करना बहुत मुश्किल है, लड़के तो सुनते ही नहीं. समझेंगे कैसे”





आखिरी गतिविधि में खुलकर सेक्स, शरीर, यौनांगों, सहमति और इच्छाओं पर बातचीत हुई, जिसका नतीजा ये निकला कि महिलाओं ने खुद कहा कि हां उन्हें अपनी शारीरिक जरुरतों के बारे में बातचीत करना चाहिए, इससे बेहतर बात और क्या हो सकती है। खैर मुझे यहां वर्कशॉप करते हुए अपने गांव की याद आ गई और लगा कि जरुर एक दिन मैं अपने गांव की महिलाओं और पुरुषों के साथ जेंडर और यौनिकता के मुद्दे पर जरुर बात करूंगी :-)

मेरे शरीर पर है मेरा अधिकार !



समाज में महिलाओं को ऐसी भूमिका में मान्यता दी जाती है जहां वो दूसरों की परवाह करती है, ख्याल रखती है, उनका सारा जीवन अपने परिवार के इर्दगिर्द घूमता है, जब ये महिला अपने बारे में थोड़ी देर सोच ले तो भी वो आत्मग्लानि से भर जाती है, ऐसे में अगर ये महिला अपने शरीर को अहमियत दे दे या अपनी जरुरतों के बारे में सोच ले तो ये बात कयामत से कम नहीं होती। जेंडर पर समझ बनाने के बाद पिलाना ब्लॉक में हमने महिलाओं के साथ “यौनिकता” पर बातचीत की शुरुआत की।

सुबह के सत्र में 30 महिलाओं में से शायद 6-7 महिलाएं ही शिक्षित है, ऐसे में सत्र को बहुत एतिहायत से बनाया गया ताकि शिक्षा का स्तर उनके सिखने और भागीदारी में बाधा न बनें। सत्र की शुरुआत “तलवार और ढाल” के खेल से की गई, जिसमें महिलाओं ने न केवल बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया बल्कि उनके चेहरे की खुशी देखने लायक थी।



वर्कशॉप के दौरान आने वाले 2 घंटे में क्या होगा और वर्कशॉप में किन बातों का ध्यान रखना है की जानकारी दी गई। सत्र का दूसरा खेल “सांप सीड़ी” था, हां वही खेल जो हम सबने बचपन में खूब खेला है, एकदम ऐसे जैसे कि इस खेल की जीत हार ही हमारा भविष्य तय कर देती हो, जो मुकाबले की भावना ये खेल देता है शायद कोई और खेल नहीं दे सकता। 


सांप-सीड़ी के इस खेल में छोटा सा ट्वीस्ट रहा क्योंकि सांप के मुंह और सीड़ी के शुरुआत में एक संदेश जुड़ा हुआ था, तो जैसे ही किसी की गोटी यहां पहुंचती है तो प्रतिभागी को जोर से ये संदेश अपने समूह में सुनना था। 


“इस खेल को खेलकर बड़ा मज़ा आया। सांप सीडी का खेल देखा तो था बच्चे खेलते थे पर मुझे पता नहीं था कि कभी मुझे भी ये खेल खेलने को मिलेगा और साथ में जीवन से जुड़ी बातें जानने के लिए मिलेगी”

“मुझे कुछ संदेश अच्छे लगे- जैसे अगर अब किसी लड़की के साथ छेड़खानी या बदतमीज़ी होगी तो मैं जरुर रोकूंगी”

“मैं तो अपनी बच्ची को पढ़ाउंगी और बेटे को बेटी के जैसे घर का काम सिखाउंगी, अभी तो वो बोलता है कि ये सब काम आपके हैं, पर मुझे समझ में आया कि ये काम सिर्फ मेरे नहीं है”

“क्या आप ये खेल हमें दे रही है, हम समूह की बैठक में इसी खेल से शुरुआत करेंगे।”


इस खेल के बाद बॉडी मैप एक्टिविटी के लिए महिलाओं को 4-4 के समूहों में बांटा गया, जहां उन्हें अपने समूह में से एक प्रतिभागी का चुनाव करना था जिसका बॉडी मैप बनना है, फिर शरीर के सभी अंगों को बनाकर उनके नाम लिखने थे।

इस गतिविधि की शुरुआत में सभी प्रतिभागी थोड़े गुपचुप थे, फिर धीमी धीमी आवाज़े शुरु हुई, फिर बातचीत शुरु हुई और फिर ठहाकों की आवाजें रुम में गूंजने लगी। वाकई ये एक्टिविटी किसी जादू से कम नहीं है, जो महिलाएं घूंघट के नीचे रहती है, धीमी आवाज़ में बात करती है, शर्माती वो इस खेल के बाद खुलने लगती है।


“ऐसा है शर्म तो छाती और योनि में आती है, तभी तो नहाते समय गुसलखाने का इस्तेमाल करते हैं, दुपट्टा लेते है वहीं पुरुष बिना झिझक कहीं भी नहा लेते हैं, पेशाब कर देते हैं, कई बार तो शर्ट भी नहीं पहनते”

“आनंद तो भरपेट खाना खाने में आता है, और शक्ति भी उसी से मिलती है”

“ऐसी बात है कि शर्म तो आती है लेकिन आनंद तो योनि में मिलता है, शरीर में मिलता है जब संबंध बनता है”



“इतना हंसने की क्या जरुरत है, देखो दो लड़कियां दिल्ली से आई है, ये तो शादीशुदा भी नहीं है पर सेक्स से जुड़ी, हमारे मतलब से जुड़ी बातें कर रही है, हमारे पास मौका है अपनी बात रखने का ऐसे में तुम लोग हंसकर मौके को गंवाओ मत”

“दीदी मैं तो मना कर देती हूं जब ये कहते हैं। कई बार मान जाते हैं लेकिन बहुत बार बिना मर्जी के होता है तो उसमें अच्छा नहीं लगता।”


“मेरा मन करता है तो मैं बता देती हूं कि आज मेरा मन है। और जब संबंध नहीं बनाने तो साफ साफ कह देती हूं दूर रहिए। हर वक्त कैसे मन करेगा”


बॉडी मैपिंग के जरिए हमने महिलाओं की इच्छाओं, यौनिक भावनाओं, सहमति और सेक्स को लेकर खुलकर बातचीत की, जहां महिलाओं ने खुलकर अपनी बातें, अपने अनुभव और परेशानियों के बारे में बताया। लेकिन सबसे अहम था कि जो महिलाएं यौन शब्द सुनकर छी छी कर रही थी अब वो ही एक दूसरे को समझा रही थी।

एक प्रतिभागी, “छी छी, गंदी बातें है ये सब। ये तो एक जिम्मेदारी है ही, शादी की है तो करना पड़ेगा ही ऐसे में इस पर कौन बात करता है”

दूसरा प्रतिभागी, “इसमें छी छी की क्या बात है, क्यों तुम नहीं संबंध बनाती, क्या मज़ा नहीं आता तुम्हें। अरे हमने भी किया है सेक्स, हमारे बड़े लोगों ने भी किया तभी तो हम पैदा हुए है नहीं तो हम एक दूसरे के सामने कैसे बैठे होते। समझदार बनो क्योंकि ये सब बातें हमें अपने बच्चों से भी बांटनी है।”


यौनिकता पर आधारित ये कार्यशाला हमारे लिए कई मायनों में अहम रही, क्योंकि महिलाओं के साथ दो किशोरियों ने भी इस कार्यशाला में भाग लिया, उनका उत्साह किसी प्रतिभागी से कम नहीं था। दूसरी बेहद अहम बात ये रही कि डेढ़ साल में पहली बार साहस का बैनर बना और एक सरकारी दफ्तर की दीवार पर लगाया गया, ये वो कुछ पल है जो साहस के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाएंगे ।

Wednesday, 8 November 2017

जेंडर आधारित भेदभाव का सामना करती पिलाना ब्लॉक की महिलाएं



“परिवार के सभी फैसले मर्द लेते हैं, पैसे से जुड़ा हर फैसला उन्ही का होता है भले ही औरत बाहर जाकर कमाती हो।”

सुबह के सत्र ने हमारे अंदर एक नई ऊर्जा का संचार कर दिया था, कुछ देर के ब्रेक के बाद हम दोपहर के सत्र में हिस्सा लेने वाली महिलाओं का इंतजार कर रहे थे। ये महिलाएं करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित गांव से आ रही थी। अच्छी बात ये थी कि सभी महिलाएं समय से 15 मिनट पहले पहुंच गई। सत्र की शुरुआत उंगली डांस से की गई जहां महिलाओं ने खूब खुलकर डांस किया, कई महिलाओं ने तो गोले के बीच में आकर उंगली डांस करवाया भी। आने वाले 2 घंटे में क्या-क्या होगा, साहस का काम, और हम यहां क्यों आए हैं पर संक्षेप में बातचीत की। 


इसके बाद कानाफूसी के खेल के जरिए महिलाओं के साथ जेंडर की कहानी की रचना की, महिलाओं ने एक से बढ़कर एक उत्तर दिए। हालांकि सभी शादीशुदा महिलाएं थे उनके लिए संभोग या सेक्स शब्द का इस्तेमाल करना किसी आग के दरिये पर चलने से कम नहीं था, ऐसे में जब ये सवाल पूछा गया कि ये बच्चे आते कहा से तो सबकी सुई शादी पर अटक गई। लेकिन हमने भी हार नहीं मानी और उन्हें सेक्स के बारे में बातचीत करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद उदाहरणों के साथ हमने जेंडर की परिभाषा स्थापित की।



अगली गतिविधि में महिलाओं को दो समूहों में बांटकर उनसे “ऐसे 3 संदेश जो उन्हें लड़की/ महिला होने के वजह से मिले है” पर चर्चा करने के लिए आमंत्रित किया गया।



“लड़कियां पढ़ लिखकर करेंगी क्या? आखिरकार उन्हें चूल्हा चौका ही तो संभालना है, दूसरे के घर जाकर किताबों का क्या करेंगी?”

“अगर लड़कियां ज्यादा पढ़ लेती है तो वो घर से भाग जाती है”

“महिलाएं चाहें कितना भी अच्छा काम कर लें किसी न किसी बात पर तो ताने सुनने को मिलेंगे ही”

“अगर महिला बच्चे नहीं पैदा कर पाती तो आदमी उसे घर से निकाल देता है, और दूसरी शादी करने से पहले एक बार भी नहीं सोचता”



“आदमी लोग तो समूह की मीटिंग में जाने पर भी पाबंदी लगाते हैं, पूछते हैं कि कहां जा रही हो, क्या बातें होती है तुम्हारी, करती क्या हो तुम लोग”

“लड़कियों को हमेशा सीखाया जाता है कि एडजस्ट कर लिया करो, सहनशक्ति बढ़ाओ अपनी, जुबान पर लगाम रखा करो, बहस मत किया करो और शिकायत तो करना ही नहीं है”


“पति को मेरा घर से बाहर निकलना ही पसंद नहीं है, हर बात पर रोक-टोक लगाते हैं, जबकि वो खुद कमाते भी नहीं है”


इन्हीं समूहों में दूसरी गतिविधि के तौर पर “घर और सार्वजनिक स्थानों पर महिला-पुरुष में क्या फर्क दिखाई देता है” पर चर्चा करने के लिए कहा गया। उनमें से कुछ उदाहरण ये रहे-

“घर और बाहर के कामों का पूरी तरह से बंटवारा हो रखा है, घर की चार दीवारी में जो भी काम है वो महिला ही करेगी, उसे घर से बाहर कदम रखने की कोई जरुरत नहीं है, वहीं बाहर के सभी काम पुरुषों के कंधों पर हैं”

“परिवार के सभी फैसले आर्थिक फैसलों को मिलाकर पति ही लेगा, भले ही पैसा महिला कमाती है”

“महिला अगर पढ़ी-लिखी हो तो भी शादी के बाद उसके कोई सपने नहीं पूरे हो सकते”



“महिला को पीटना तो मानो पुरुषों का शौक है, मुझे तो लगता है कि ऐसे पुरुषों की महिलाएं धुलाई करें तो अच्छा है”

“सार्वजनिक जगहें तो महिलाओं की पहुंच के बाहर हैं, चाहे गाड़ी चलाना हो, दुकानें चलाना हो, सामान की खरीददारी हो”

“घर से बाहर कदम रखने के लिए पुरुष की अनुमति चाहिए होती है, इसके साथ ही हजार सवाल भी किए जाते हैं और कई नसीहतें भी दी जाती है”


इसके बाद महिलाओं को 5 छोटे-छोटे समूहों में बांटा गया और उन्हें जेंडर पर आधारित इस कार्यशाला से संबंधित मूल्यांकन फार्म भरवाया गया। ये सवाल काफी आसान रहे, जिसकी वजह से हमें पता चला कि महिलाओं में जेंडर की कितनी समझ बनी है, उन्हें कौन सी गतिविधियां अच्छी लगी और किन में हम सुधार कर सकते हैं?

मूल्याकांन फार्म का एक सवाल, “क्या आपको लगता है कि महिला-पुरुष में कोई फर्क होना चाहिए?”

एक महिला, “नहीं बिलकुल फर्क नहीं होना चाहिए, अगर महिला और पुरुष में बराबरी होगी तभी तो महिलाएं वो सब कर पाएगी जिसके लिए अभी उन्हें पुरुषों से अनुमति लेनी पड़ती है। हम भी पढ़ लिख पाएंगे, अपने सपने पूरे कर पाएंगे।”

दूसरी महिला, “हां, फर्क तो है”

पहली महिला, “वहीं तो सवाल है न, हमने समझा कि आज लड़की होने का क्या मतलब है, कितनी बंदिशें है लेकिन अगर ये फर्क ही न हो तो सब चीजें कितनी आसान हो जाएंगी, मैं कुछ भी कर पाउंगी”


मूल्यांकन फार्म के दौरान सभी समूहों में हो रही चर्चा न केवल इस सत्र के नजरिए से अहम रही बल्कि मैंने उन्हें पैसे के लेन-देन से आगे बढ़ते हुए देखा, एक दूसरे को अपनी बातें समझाते और आपसी सहमति बनाते देखा, ये बदलाव की ओर शायद उनका पहला कदम है।